प्रेरणा ज़ुबैरी
यूपीआई पर प्रस्तावित एमडीआर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, विधायक को भेंट किया पूजा का सामानइटावा। यूपीआई के माध्यम से होने वाले निर्धारित व्यापारी लेन-देन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर जिलाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सदर विधायक सरिता भदौरिया को यूपीआई शुल्क के विरोध के प्रतीक स्वरूप पूजा सामग्री भेंट करने का प्रयास किया। विधायक ने सामग्री लेने से इनकार कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित ने कहा कि यूपीआई पर शुल्क व्यवस्था से व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इसका असर डिजिटल भुगतान व्यवस्था से जुड़े कारोबारियों पर पड़ने की आशंका है और कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर व्यापारियों के साथ खड़ी है।दरअसल, 15 अक्टूबर 2026 से निर्धारित श्रेणी के मर्चेंट UPI लेन-देन में ₹2,000 से अधिक के भुगतान पर 0.4 प्रतिशत MDR लागू किया जाना है। यह शुल्क सामान्य तौर पर व्यापारी पक्ष पर होगा और ग्राहकों से सीधे वसूलने की अनुमति नहीं है। छोटे व्यापारियों और कई अन्य लेन-देन को इस व्यवस्था से बाहर रखा गया है।
प्रदेश प्रवक्ता प्रेरणा जुबैरी ने कहा कि राहुल गांधी ने इस प्रस्तावित शुल्क को लेकर सवाल उठाते हुए इसे वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि किन मानकों के आधार पर किसी भुगतान को व्यापारी लेन-देन माना जाएगा। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी व्यापारियों और आम लोगों से जुड़े इस मुद्दे को लेकर अपना विरोध जारी रखेगी।प्रदर्शन में पीसीसी सदस्य प्रशांत तिवारी, पीसीसी सदस्य अरुण यादव, जिला उपाध्यक्ष सतीश नागर, जिला प्रवक्ता वाचस्पति द्विवेदी, शहर महासचिव अवनीश वर्मा, सेवादल जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आसिफ जादरान, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रेम किशोर द्विवेदी, जिला सचिव धर्मेंद्र पूनिया, हेमंत तिवारी, रणवीर सिंह यादव, मोहनलाल प्रजापति और इंतखाब आलम सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


